रविवार, 15 नवंबर 2020

भारतीय प्रेस दिवस (16 नबम्वर), भाग-1

 भारतीय पत्रकारिता, दशा एवं दिशा एक विहंगम दृष्टि

 भारतीय प्रेस दिवस (Indian Press Day)

 


 
भारतीय प्रेस परिषद (Press council of India) की स्थापना 16 नबम्वर, 1966 के दिन हुई थी, जिसका घोषित उद्देश्य था 1. प्रेस की स्वतंत्रता को सुरक्षित रखना अर्थात अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को बर्करार रखना। तथा 2. भारत में प्रेस के स्तर को बनाये रखना व सुधारना अर्थात प्रेस की मनमानी को रोककर उस पर नैतिक अंकुश लगाना।

इस कार्य को करने के लिए प्रेस परिषद में एक अध्यक्ष (सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत जज) और एक सचिव के अतिरिक्त 28 सदस्य होते हैं, जिनमें से 20 प्रेस के प्रतिनिधि (मीडिया मालिक, श्रमजीवी पत्रकार एवं संपादक) होते हैं। तथा 5 सदस्य संसद (2 राज्य सभा और 3 लोक सभा) द्वारा नामित होते हैं और 3 शिक्षा, विधि व साहित्य ( क्रमशः विश्वविद्यालय अनुदान आयोग, बार कांउसिल ऑफ इंडिया और साहित्य अकादमी) से जुड़े होते हैं। प्रेस दिवस हर वर्ष 16 नबम्वर के दिन मनाया जाता है।

 भारतीय मीडिया एक विहंगम दृष्टि

 प्रिंट मीडिया आज भारत की विविध भाषाओं में लगभग एक लाख से अधिक समाचार पत्र छप रहे हैं। हालाँकि आजकल हमारी सुबह मोबाईल पर व्हाट्सअप या इंस्टाग्राम के मैसेज के साथ होती है, लेकिन सुबह उठकर अखबार के पन्नों को पलटने की संतुष्टि अलग ही है। हिंदी, अंग्रेजी व क्षेत्रीय अखबारों की अपनी-अपनी दुनियाँ है। सबकी अपनी खूबियाँ हैं, तो अपनी सीमाएं भी। जिन सूचनाओं को हम विस्तार से जानना चाहते हैं, उन्हें पत्रिकाओं में पढ़ते हैं। और आज तो लगभग हर विषय पर विभिन्न भाषाओं में पत्रिकाएं छप रही हैं। खेल से लेकर बिजनेस, पर्यटन से लेकर धर्म-अध्यात्म, विज्ञान से लेकर साहित्य, पर्यावरण से लेकर हेल्थ-फिटनेस हर विषयों पर पत्रिकाओं की भरमार है।


 
इलैक्ट्रॉनिक मीडिया में आकाशवाणी से लेकर एफ-एम चैनल्ज और सामुदायिक रेडियो उपलब्ध हैं। आकाशवाणी के ही लगभग 420 स्टेशन हैं, जो देश की 99 फीसदी जनसंख्या तक पहुंच रखते हैं। टीवी में दूरदर्शन से लेकर प्राईवेट चैनलों की भरमार है। दूरदर्शन के लगभग 200 चैनल उपलब्ध हैं जबकि देश में लगभग 1800 प्राइवेट चैनलों का प्रसारण हो रहा है।

 बाकि तकनीकी प्रगति के साथ वेब मीडिया, ऑनलाईन या न्यू मीडिया अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज करा रहा है। इंटरनेट एवं सोशल मीडिया के साथ यह मोबाईल पर उपलब्ध है। ज्ञात हो कि मोबाईल धारकों की संख्या भारत में एक अरब का आंकड़ा छूने वाली है। हालांकि हर 10 में से 4 ही स्मार्टफोन धारक हैं, लेकिन इनकी संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। फेसबुक, व्हाट्सअप, ट्विटर, इंस्टाग्राम, टम्बलर, पिनटरेस्ट, यू-ट्यूब, लिंक्डेल जैसे सोशल मीडिया प्लेटफोर्म इनके दैनिक जीवन का हिस्सा बनते जा रहे हैं।



 
मीडिया असर विहंगम दृष्टि

     प्रिंट मीडिया का जादू आज भी बर्करार है। आज भी लोग छपे पर विश्वास करते हैं। अपनी लम्बी सेल्फ लाइफ के कारण यह सबसे विश्वसनीय माध्यम है। कितने घोटालों का पर्दाफाश यहाँ हो चुका है। लेकिन इससे जुड़ा स्याह पक्ष है, इसमें विज्ञापनों का बढ़ता स्पेस और समाचारों की घटती जगह। तय मानकों से अधिक विज्ञापन चलन बन चुके हैं। सबसे अधिक अखरता है जैकट पहने अखबार, जो पाठकों को सरदर्द से कम नहीं लगते। और कभी-कभी तो इनकी संख्या 3-4 तक हो जाती है। फ्रंट पेज पर हाल्फ जैकेट तो और भी इरिटेट करते हैं। इसमें भी एक नहीं कई बार तो दो-दो हाल्फ जैकेट देखने को मिल रहे हैं। फिर इसके साथ फ्रंट पेज पर नेगेटिव समाचारों की अधिकता सामान्य चलन बन चुकी है।

इलैक्ट्रॉनिक मीडिया की विजुअल अपील प्रिंट से अधिक रहती है और यह अधिक प्रभावी भी है। साथ ही यह दिन भर की खबरों से अपडेट रखता है। लेकिन ब्रेकिंग न्यूज के नाम सनसनीखेज, नेगेटिव समाचारों की अधिकता इसके गंभीर प्रभाव को कम करती है। शाम व रात को पैनल डिसक्शन के नाम पर शौरगुल भरी निष्कर्षहीन चर्चाएं दर्शकों पर भारी पड़ती हैं।

 वेब मीडिया के साथ पूरी दुनियाँ उपभोक्ताओं की मुट्ठी में है। इस माध्यम की विशेषता है इसका लोकतांत्रिक स्वरुप और इसकी इंटरएक्टिविटी। साथ ही यह  हर पल अपडेट रहता है, जिसके चलते पारम्परिक टीवी चैनल अप्रासांगिक हो चले हैं। हाँ इसमें इंफोर्मेशन ऑवरलोड़ की समस्या एक चुनौती है, जिसके चलते इसमें सूचनाओं का घालमेल, फर्जी सूचनाओं की बहुतायत रहती है, जिसके बीच सही और गलत सूचनाओं व तथ्यों का चयन करना एक चुनौती बनती जा रही है।


इस पृष्ठभूमि के साथ पत्रकारिता की नैतिक विकास एवं राष्ट्र निर्माण में क्या भूमिका हो सकती है, इसको जानने से पूर्व इसकी शक्ति-सामर्थ्य पर चर्चा करना उचित होगा।

 पत्रकारिता एवं मीडिया की विशेषता एवं शक्ति-सामर्थ्य -

    लोकतंत्र का चतुर्थ स्तम्भ। वॉच डोग। सजग प्रहरि।

    सूचनाओं के आदान-प्रदान का माध्यम, नागरिकों को जागरुक करता है।

    लोकमत बनाने में मदद करता है, ऑपीनियन मेकिंग में सहायक।

    नयी जानकारी व ज्ञान के साथ पाठकों व दर्शकों को शिक्षित करता है।

    घोटालों का पर्दाफाश करता है। भ्रष्ट तन्त्र पर एक दबावसमूह (pressure group) का काम करता है।

    व्यक्ति के चिंतन को प्रभावित करता है, जो क्रमशः उसके व्यवहार एवं चरित्र को निर्धारित करता है। क्रमशः परिवार एवं समाज के निर्माण या बिगाड़ का कारक बनता है।

मीडिया की इसी शक्ति को देखते हुए, कभी अकबर इलाहवादी ने कहा था कि खींचो न कमानों को तलबार निकालो, जब तोप मुकाबल हो तो अखबार निकालो इसी तरह से अपने समय के महानतम यौद्धा नेपोलियन ने कहा था कि मैं सैंकड़ों-हजारों संगीनों की अपेक्षा तीन बिरोधी अखबारों को अधिक खतरनाक मानता हूँ।

 ये अखबार के दौर की बातें हैं। आज के दौर में टीवी चैनल्ज व सोशल मीडिया के युग में मीडिया की शक्ति अनन्त गुणा बढ़ चुकी है, जिसके प्रभाव को लेकर शायद आज उनके शब्द कुछ ओर होते। पिछले कुछ वर्षों से विकिलीक्स व पनामा पेपर्ज से लेकर हाल ही में पेराडाईस पेपर्ज के खुलासों तक, किस तरह भ्रष्टाचार में लिप्त अपने-अपने क्षेत्रों के दिग्गज सूखे पत्तों की भाँति काँपते नजर आए, कितने सत्ताधीश अर्श से फर्श पर आ गिरे, आधुनिक मीडिया की शक्ति-सामर्थ्य की बानगी पेश करते हैं।

 मीडिया ग्लैमर और युवा रुझान

आश्चर्य नहीं कि मीडिया की शक्ति के साथ इसका गलैमर व प्रभाव युवाओं को आकर्षित करता है। पत्रकारिता पाठ्यक्रमों से जुड़ने वाले अधिकाँश युवाओं को पूछने पर एक ही जबाव होता है कि वे टीवी एंकर या आरजे बनना चाहते हैं। इससे जुड़ी जिम्मेदारियाँ व भारी दायित्व से वे प्रायः अनभिज्ञ होते हैं। पत्रकारिता के मूल भाव से न्याय करने के लिए जिस सूझ, नैतिक बल, संयम, त्याग और व्याप्क एवं गहन अध्ययन की आवश्यकता होती है। जिस समय साध्य एवं कष्ट साध्य प्रक्रिया से गुजरकर इसका सही हकदार बनना होता है, इसके लिए आवश्यक धैर्य, श्रम व तप-त्याग के लिए प्रायः वे तैयार नहीं होते। सच यह है कि पत्रकारिता एवं मीडिया एक गुरुत्तर दायित्व से भरा पेशा है, जिसकी अपनी चमक है, अपना रोमाँच है और साथ ही वह अपनी कीमत भी माँगता है, जिसका कोई शोर्टकट नहीं।

इस कीमत को चुकाने की तैयारी किए बिना, जल्दी से शोर्टकट में इस पर छा जाने की मंशा रखने वाली भीड़ के चलते पत्रकारिता क्षेत्र आज दिशाहीनता एवं नैतिक अवमूल्यन के चिंताजनक दौर से गुजर रहा है।

दिशाभ्रम एवं नैतिक अवमूल्यन का दौर

जिस मीडिया को समाज का दर्पण मानकर, प्रहरि की भूमिका में इसका सही स्वरुप दिखाकर इसको दिशाबोध देने का दायित्व था, वह अपने उतल या अवतल स्वरुप के कारण विकृत तस्वीर पेश कर रहा है। पूरे सप्ताह भर का अखबार उठाकर देखें, सुबह से शाम-रात तक के टीवी चैनल्ज पर चल रही बहसों व ब्रेकिंग न्यूजों को देखें या फिर इंटरनेट-सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे संदेशों पर गौर फरमाएं, तो नेगेटिविटी, सनसनाहट, जादू चमत्कार, शॉर्टकट, अंधविश्वास, ग्लैमर, चकाचौंध, फूहड़ता, अश्लीलता, हल्केपन की अधिकता मिलेगी, जिसके चलते देश-समाज व दुनियाँ में कुछ अच्छा भी हो रहा है, इस पर संदेह होने लगता है। जबकि बहुत कुछ अच्छा भी समाज व देश-दुनियाँ में हो रहा है। लेकिन इसका स्पेस मीडिया में किन्हीं कौनों तक सिमटा मिलता है। नकारात्मक तथ्यों की भरमार रहती है। कुल मिलाकर मीडिया की दशा व दिशा को देखकर कहें कि हम नैतिक अवमूल्यन के दौर से गुजर रहे हैं, तो गलत न होगा। सही-गलत के प्रति स्पष्ट समझ व सोच के अभाव में पत्रकारिता आस्था संकट के विषम दौर से गुजर रही है। (जारी... शेष अगली पोस्ट में - भारतीय पत्रकारिता - दशा, दिशा एवं दायित्वबोध)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

पुस्तक परिचय - आध्यात्मिक पत्रकारिता

  आध्यात्मिक पत्रकारिता को एक विधा के रुप में स्थापित करने का विनम्र प्रयास आध्यात्मिक पत्रकारिता एक उभरती हुई विधा है , जिसके दिग्दर्शन...